नई दिल्ली :- मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच दुनियाभर में ईंधन संकट खड़ा हो गया है। LPG, और कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने के बाद पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत कई देशों में हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। पाकिस्तान में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, वहीं म्यांमार में वाहनों के लिए ऑड-ईवन लागू कर दिया गया है। दूसरी ओर, भारत में भी कई शहरों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर असर नजर आने लगा है। बेंगलुरु में होटल मंगलवार से बंद होने के आसार हैं। वहीं, यूपी, महाराष्ट्र में गैस संकट गहराने लगा है।
पाकिस्तान : कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम, मंत्रियों के भत्तों में कटौती
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 31 मार्च तक बंद करने का फैसला किया है। साथ ही सरकारी दफ्तरों में वर्क-फ्रॉम-होम नीति लागू कर दी गई है। वहीं मंत्रियों के भत्तों में कटौती की गई है।
मुख्यमंत्री मरियम ने सोमवार को घोषणा की कि 10 से 31 मार्च तक सभी सार्वजनिक और निजी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं होंगी। इस दौरान कक्षाएं ऑनलाइन संचालित होंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रांतीय मंत्रियों के लिए सरकारी ईंधन आवंटन भी निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सरकारी अधिकारियों की गाड़ियों के लिए पेट्रोल और डीजल भत्ते में तुरंत 50 प्रतिशत कटौती का आदेश दिया गया है।
सरकार ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चलने वाले प्रोटोकॉल वाहनों पर भी रोक लगा दी है। सुरक्षा कारणों से अब केवल एक वाहन की अनुमति होगी। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यक्रमों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है और निजी क्षेत्र से भी वर्क-फ्रॉम-होम नीति अपनाने, अनावश्यक कार्यक्रमों से बचने तथा केवल आवश्यक कर्मचारियों को ही कार्यालय बुलाने की अपील की गई है।
बांग्लादेश : ईंधन की बिक्री पर प्रतिबंध
कतर की ओर से LNG आपूर्ति रोकने के कारण बांग्लादेश में ईंधन का संकट बढ़ गया है। देश के पंपों पर लोग वाहनों में तेल भराने के लिए घंटों कतार में लगे नजर आ रहे हैं। इसे देखते हुए बांग्लादेश ने ईंधन की बिक्री पर कुछ प्रतिबंध लगा दिए हैं। बिजली और ईंधन बचाने के लिए विश्वविद्यालयों को भी बंद कर दिया गया है और ईद की अग्रिम छुट्टियां घोषित की गई हैं।
चीन : डीजल-पेट्रोल निर्यात बंद
चीन के पास 1.3 अरब बैरल का तेल भंडार उपलब्ध है। बताया जाता है कि चीन के तेल भंडार में कम से कम एक साल तक इस्तेमाल करने लायक कच्चा तेल हमेशा मौजूद रहता है। हालिया संकट के बाद चीन ने घरेलू आपूर्ति सुरक्षित करने के लिए डीजल और पेट्रोल के निर्यात पर रोक लगा दी है।
दक्षिण कोरिया : 30 साल में पहली बार ‘कैप’
दक्षिण कोरिया ने ताजा संकट के बाद 30 साल में पहली बार ईंधन की कीमतों पर ‘कैप’ लागू किया है। कैप का अर्थ अधिकतम मूल्य से है। यानी सरकार द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक कीमत नहीं वसूली जा सकती है। यह कदम कालाबाजारी और मुनाफाखोरी की आशंकाओं को देखते हुए उठाया गया है।
जापान : भंडार से कच्चा तेल निकालना शुरू
जापान के पास लगभग एक साल का बहुत बड़ा तेल भंडार मौजूद है। इसके बावजूद जापानी सरकार ने अपने राष्ट्रीय तेल भंडार से कच्चा तेल निकालने की तैयारी शुरू कर दी है।
श्रीलंका : घबराहट में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें
श्रीलंका में लोग ईंधन की कमी की आशंका के कारण पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनों में लगकर खरीदारी कर रहे हैं। श्रीलंका सरकार ने घबराहट में की जा रही इस खरीदारी को लेकर सलाह भी जारी की है।
म्यांमार : कई शहरों में पंप बंद, ऑड-ईवन लागू
म्यांमार के सीमावर्ती शहर मयावाडी में तीन मार्च से ही ईंधन खत्म हो चुका है। पंपों को बंद करना पड़ा, जिसके बाद लोग थाईलैंड जाकर तेल खरीद रहे हैं। शासकों ने वाहनों के लिए ऑड-ईवन व्यवस्था लागू कर दी है। हालांकि, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए इससे छूट दी गई है।