थाईलैंड में एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान की हार्ड लैंडिंग नोज व्हील में आई तकनीकी दिक्कत

नई दिल्ली :- एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को थाइलैंड के एयरपोर्ट पर हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक हैदराबाद से फुकेट जा रही फ्लाइट IX 938 के नोज व्हील में तकनीकी समस्या आने के कारण यह स्थिति बनी।

बताया गया है कि विमान के उतरते समय नोज व्हील में दिक्कत आ गई जिससे लैंडिंग सामान्य से ज्यादा झटके के साथ हुई। घटना के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया और कुछ समय तक एयरपोर्ट के फ्लाइट ऑपरेशन को रोकना पड़ा।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत रनवे को खाली कराने और विमान की तकनीकी जांच शुरू करने का निर्णय लिया। विमान के रनवे पर फंस जाने के कारण कुछ समय के लिए उड़ानों की आवाजाही प्रभावित रही।

फिलहाल सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बताया गया है। एयरलाइन और तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नोज व्हील में आई खराबी की असली वजह क्या थी।

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की घटनाओं में तुरंत तकनीकी जांच और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करना जरूरी होता है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *