LPG Crisis :- गोरखपुर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच तनाव उस समय बढ़ गया जब गैस एजेंसी पर लाइन में खड़े ग्राहकों के बीच झड़प हो गई। मामला थाना क्षेत्र का है जहां आशीष इंडेन गैस एजेंसी पर बुधवार सुबह अचानक माहौल बिगड़ गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे। सिलेंडर की सीमित उपलब्धता और लंबी लाइन के कारण पहले से ही लोगों में बेचैनी थी। इसी दौरान लाइन में जबरन घुसने की कोशिश को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का मुक्की और फिर लात घूंसे चलने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की लेकिन कुछ देर तक एजेंसी परिसर में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो भी वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में कई लोग आपस में भिड़ते और एक दूसरे को धक्का देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर परेशानी बढ़ी है। कई बार लोगों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाता जिससे गुस्सा और असंतोष बढ़ रहा है। इसी तनाव के बीच छोटी सी बात भी बड़ा विवाद बन जाती है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और आगे किसी तरह की अव्यवस्था न हो इसके लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और लाइन व्यवस्था का पालन करें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।