नई दिल्ली :- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। यहां थाई रजिस्टर्ड मालवाहक जहाज मायुरी नारी पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला होने की खबर है। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और चालक दल के कई सदस्य संकट में फंस गए।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जहाज उस समय गुजरात की ओर आ रहा था जब उस पर अचानक हमला हुआ। विस्फोट के बाद जहाज के एक हिस्से में आग फैल गई जिससे अफरा तफरी मच गई। घटना के बाद चालक दल के कुछ सदस्यों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित करने की कोशिश की जबकि तीन लोगों के लापता होने की खबर सामने आई है।
समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक हमले की सटीक वजह अभी साफ नहीं हो पाई है लेकिन यह घटना ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं और कई समुद्री मार्गों पर भी खतरा बढ़ गया है।
हमले के बाद आसपास मौजूद जहाजों और समुद्री सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया। बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं और जहाज में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस मार्गों में से एक माना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में किसी भी तरह की अस्थिरता का असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है। फिलहाल घटना की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमला किसने और किन परिस्थितियों में किया।