पटना (बिहार):- बिहार की राजधानी पटना में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैस एजेंसी के एक डिलिवरी ब्वाय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीघा क्षेत्र के एक उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने गैस सिलेंडर की आपूर्ति के लिए उत्सव गैस सेवा एजेंसी में बुकिंग कराई थी। लेकिन बुकिंग के बाद भी उन्हें सिलेंडर की डिलिवरी नहीं मिली। हैरानी की बात यह रही कि उपभोक्ता के मोबाइल पर यह संदेश भेज दिया गया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति कर दी गई है।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच की गई और गैस एजेंसी के डिलिवरी ब्वाय मुकेश के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले को लेकर प्रशासन भी सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि गैस वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गड़बड़ी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी ब्लैकमार्केटिंग, जमाखोरी या अधिक कीमत पर गैस सिलेंडर बेचने की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि गैस सिलेंडर की आपूर्ति में किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों या पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा सके।