ऊर्जा आपूर्ति पर सरकार का भरोसा देश में गैस और ईंधन को लेकर घबराने की जरूरत नहीं

नई दिल्ली :- देश में हाल के दिनों में रसोई गैस और ईंधन को लेकर तरह तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कई जगहों पर लोगों के बीच यह चिंता भी देखने को मिली कि कहीं गैस सिलेंडर और पेट्रोल डीजल की आपूर्ति प्रभावित न हो जाए। इन आशंकाओं के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की कमी की आशंका नहीं है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री  हरदीप सिंह पुरी ने संसद में जानकारी देते हुए कहा कि भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि भारत इस समय दुनिया के लगभग चालीस देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है जिससे आपूर्ति का दायरा काफी व्यापक हो गया है और किसी एक क्षेत्र पर निर्भरता कम हुई है। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में उतार चढ़ाव के बावजूद देश में पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए पर्याप्त भंडार और आपूर्ति तंत्र मौजूद है। मंत्री ने यह भी कहा कि लोगों को अफवाहों से बचना चाहिए क्योंकि कई बार सोशल मीडिया पर फैली अधूरी जानकारी से अनावश्यक घबराहट पैदा हो जाती है।

सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आम उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ऊर्जा विशेषज्ञों का भी मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने तेल आयात के स्रोतों में विविधता लाकर अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया है। यही वजह है कि वैश्विक तनाव और बाजार में उतार चढ़ाव के बावजूद देश में ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी रहती है। सरकार का संदेश साफ है कि देश के पास पर्याप्त संसाधन और व्यवस्था मौजूद है इसलिए नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और सामान्य तरीके से ईंधन और गैस का उपयोग जारी रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *