होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने पर सहमत ईरान

ईरान :- मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध और तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक ईरान ने भारतीय झंडा लगे जहाजों को सुरक्षित रूप से गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है।

रिपोर्टों के अनुसार यह फैसला ऐसे समय में आया है जब ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई थी। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में से एक है और यहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है।

सूत्रों के मुताबिक भारत और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत के बाद यह सहमति बनी। बताया जा रहा है कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरानी अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग देने पर सहमति बनी।

कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि भारतीय टैंकर जैसे पुष्पक और परिमल जैसे जहाज पहले ही इस जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर रहे हैं। इससे भारत के लिए तेल आपूर्ति को लेकर पैदा हुई बड़ी चिंता काफी हद तक कम हो सकती है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईरान ने चेतावनी दी थी कि बिना अनुमति इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। इसी दौरान कुछ विदेशी जहाजों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई थीं जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में चिंता बढ़ गई थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग मिलने से भारत की ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर पड़ने वाला संभावित असर कम हो सकता है। हालांकि मध्य पूर्व में जारी तनाव को देखते हुए इस क्षेत्र की स्थिति अभी भी संवेदनशील बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *