दूध और नींबू से नरम पनीर बनाने का आसान तरीका
घर में ताजा और मुलायम पनीर बनाना उतना मुश्किल नहीं है जितना लोग सोचते हैं। सही तरीका अपनाया जाए तो बिल्कुल बाजार जैसा मुलायम और स्वादिष्ट पनीर घर पर ही तैयार किया जा सकता है। इसके लिए केवल दूध और नींबू की जरूरत होती है। यह पनीर न केवल ताजा होता है बल्कि पूरी तरह शुद्ध भी होता है क्योंकि इसमें किसी प्रकार का मिलावट नहीं होती।
सामग्री
दूध एक लीटर
नींबू एक या दो
साफ सूती कपड़ा
ठंडा पानी
बनाने की विधि
सबसे पहले एक गहरे बर्तन में दूध को धीमी आंच पर उबालें। दूध को बीच बीच में चलाते रहें ताकि वह बर्तन में लगे नहीं। जब दूध अच्छी तरह उबलने लगे तब आंच को थोड़ा कम कर दें।
अब नींबू का रस निकाल लें और उसमें थोड़ा सा पानी मिला लें। इसके बाद उबलते हुए दूध में धीरे धीरे नींबू का रस डालें और हल्के हाथ से चलाते रहें। कुछ ही क्षण में दूध फटने लगेगा और दही जैसा हिस्सा अलग हो जाएगा।
जब दूध पूरी तरह फट जाए तो आंच बंद कर दें। अब एक बर्तन के ऊपर सूती कपड़ा रखें और उसमें फटा हुआ दूध डाल दें। कपड़े में दही वाला हिस्सा रह जाएगा और नीचे पानी निकल जाएगा।
इसके बाद कपड़े को ठंडे पानी से हल्का सा धो लें ताकि नींबू का खट्टापन कम हो जाए। अब कपड़े को अच्छी तरह बांधकर उसका पानी निकाल लें।
मुलायम पनीर बनाने के लिए कपड़े में बंधे पनीर को किसी भारी चीज के नीचे लगभग आधा घंटा रख दें। इससे पनीर अच्छी तरह सेट हो जाएगा।
तैयार है ताजा पनीर
करीब तीस से चालीस मिनट बाद कपड़ा खोलें। आपको घर पर बना ताजा और मुलायम पनीर मिल जाएगा। इसे सब्जी बनाने या स्नैक के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।घर पर बना यह पनीर स्वाद में लाजवाब होता है और स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर माना जाता है।