नई दिल्ली:- भारत में सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक यह गिरोह विदेशी मूल के सोने को अवैध तरीके से भारत में लाकर रेल मार्ग के जरिए विभिन्न स्थानों तक पहुंचाता था और फिर उसे अवैध संयंत्रों में पिघलाकर घरेलू बाजार में बेच देता था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सोना चांदी और भारतीय मुद्रा सहित बड़ी मात्रा में संपत्ति जब्त की है। कुल मिलाकर करीब 14.13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बरामदगी की गई है। इस पूरे ऑपरेशन में छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है जो इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार Customs Act 1962 के तहत कार्रवाई करते हुए 13.41 करोड़ रुपये मूल्य का 8286.81 ग्राम सोना जब्त किया गया। इसके साथ ही 19.67 लाख रुपये कीमत की 7350.4 ग्राम चांदी और 51 लाख 74 हजार 100 रुपये की भारतीय नकदी भी बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर विदेश से लाए गए सोने को सीधे बाजार में बेचने के बजाय पहले अवैध भट्टियों में पिघलाते थे। इसके बाद उसमें मिलावट कर उसे घरेलू सोने के रूप में बाजार में उतार दिया जाता था ताकि इसकी पहचान करना मुश्किल हो जाए।
सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क का संचालन काफी सुनियोजित तरीके से किया जा रहा था और इसमें कई स्तरों पर लोग शामिल थे। फिलहाल एजेंसियां इस मामले में आगे की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई को भारत में सोना तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। वित्त मंत्रालय के अधीन काम करने वाली एजेंसियां ऐसे अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।