दुबई में ड्रोन हमला और अबू धाबी में मिसाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत

दुबई :- मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात में तनाव बढ़ गया है। सोमवार को दुबई के पास एक बड़े ड्रोन हमले और अबू धाबी में मिसाइल गिरने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रिपोर्टों के अनुसार दुबई के पास स्थित  दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के आसपास ईरान से जुड़े ड्रोन हमले में एक ईंधन टैंक में आग लग गई। इसके बाद एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर उड़ानों को रोक दिया गया और आसपास की सड़कों को भी बंद कर दिया गया। बाद में स्थिति नियंत्रित होने के बाद सीमित उड़ानें फिर शुरू की गईं।

इसी दौरान यूएई की राजधानी अबू धाबी के अल बहिया इलाके में एक मिसाइल गिरने की घटना सामने आई। अधिकारियों के अनुसार मिसाइल एक नागरिक वाहन पर गिरी जिससे उसमें सवार एक फिलिस्तीनी नागरिक की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में ईरान और उसके विरोधियों के बीच बढ़े सैन्य टकराव के कारण खाड़ी देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। इन हमलों का असर केवल सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रहा बल्कि कई बार हवाई अड्डों तेल सुविधाओं और नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह तनाव इसी तरह बढ़ता रहा तो पूरे खाड़ी क्षेत्र में हवाई यात्रा ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है। कई देशों ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *