कटक (ओडिशा):- ओडिशा के कटक शहर में स्थित सरकारी अस्पताल में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को दहला दिया। जानकारी के अनुसार ट्रॉमा केयर विभाग में आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में दस मरीजों की मौत हो गई जबकि कई अन्य मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। डॉक्टर नर्स और अस्पताल कर्मियों ने तुरंत मरीजों को सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट करने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ मरीजों को गंभीर हालत में दूसरे विभागों में स्थानांतरित किया गया ताकि उनका इलाज जारी रह सके।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है हालांकि प्रशासन ने इसकी विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।
हादसे की खबर मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चारण मांझी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और घटना की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी बड़े अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है ताकि मरीजों और अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।