जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र में चाय व्यापार के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी अनिल शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शाहगंज के शाहपंजा मोहल्ले के रहने वाले श्याम जी गुप्ता ने चाय पत्ती के व्यापार के नाम पर उनसे 11 लाख 45 हजार रुपये का माल लिया था। यह लेन-देन ‘अलका इंटरप्राइजेज’ फर्म के माध्यम से हुआ था।
आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले माल देने के बावजूद आरोपी ने भुगतान नहीं किया। पीड़ित अनिल शर्मा कई बार सिलीगुड़ी से शाहगंज आकर अपने पैसे की मांग करते रहे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। लगातार प्रयासों के बाद भी भुगतान न मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और कार्रवाई शुरू की। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर ने बताया कि सोमवार को आरोपी श्याम जी गुप्ता को उसकी दुकान से गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और यदि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।