कोलकाता (पश्चिम बंगाल):- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के बाद अब तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट के जरिए पार्टी ने चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंकने का संकेत दिया है।
ताजा जानकारी के मुताबिक पार्टी प्रमुख ममताबनर्जी नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ेंगी बल्कि भवानीपुर सीट से मैदान में उतरेंगी। यह वही सीट है जहां से वह पहले भी जीत दर्ज कर चुकी हैं और इसे उनका मजबूत गढ़ माना जाता है।
टीएमसी ने कुल 291 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं जिससे साफ है कि पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और सत्ता में वापसी के लिए आक्रामक रणनीति अपना रही है।
नंदीग्राम सीट इस बार भी चर्चा में है क्योंकि यहां से भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी क उम्मीदवार बनाया है जिन्होंने 2021 में ममता बनर्जी को इसी सीट पर हराया था। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला एक बार फिर हाई प्रोफाइल माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ममता बनर्जी का भवानीपुर से चुनाव लड़ने का फैसला रणनीतिक है जिससे वह सुरक्षित सीट से जीत सुनिश्चित करते हुए पूरे राज्य में प्रचार पर ज्यादा ध्यान दे सकें।
कुल मिलाकर बंगाल चुनाव 2026 में टीएमसी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है और उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद चुनावी जंग और भी तेज हो गई है।