कानपुर में गैस डिलीवरी घोटाला, मैसेज आता है सिलेंडर नहीं

कानपुर (उत्तर प्रदेश):- कानपुर में एलपीजी उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है जहां गैस एजेंसियों पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज भेज दिया जाता है लेकिन असल में सिलेंडर उनके घर तक पहुंचता ही नहीं।

 

इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। शिकायत करने के बावजूद न तो एजेंसियों पर कोई सख्त कार्रवाई हो रही है और न ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जा रहा है। लोग एजेंसी से लेकर आपूर्ति विभाग तक चक्कर काट रहे हैं लेकिन हर जगह उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।

 

कई उपभोक्ताओं ने हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है लेकिन एक सप्ताह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और गैस जैसी जरूरी सुविधा के लिए उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

पेंचबाग निवासी एम एम सिद्दीकी ने बताया कि उनकी गैस डिलीवरी भागवत गैस एजेंसी के जरिए होती है। उन्होंने बताया कि दो मार्च को उन्हें मैसेज मिला कि सिलेंडर की डिलीवरी हो चुकी है लेकिन उनके घर पर सिलेंडर नहीं पहुंचा। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।

 

इस तरह की घटनाएं अब कई उपभोक्ताओं के साथ सामने आ रही हैं जिससे कालाबाजारी और धोखाधड़ी की आशंका भी जताई जा रही है। गैस न मिलने के कारण लोगों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं।

 

उपभोक्ताओं ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि इस तरह की गड़बड़ी पर रोक लग सके और लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *