देहरादून (उत्तराखंड):- देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। बढ़ती शिकायतों के बीच अब पूरे जिले में सख्त निगरानी और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी क्यूआरटी को सक्रिय कर दिया है जो अलग अलग इलाकों में नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही LPG गैस एजेंसियों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण किया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत पकड़ा जा सके।
कंट्रोल रूम से भी गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेंडर सही तरीके से उपभोक्ताओं तक पहुंचे और कहीं भी अवैध तरीके से स्टॉक न किया जाए।
इस कार्रवाई के दौरान ऋषिकेश में बड़ी सफलता मिली है जहां 135 कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए हैं। यह सिलेंडर अवैध रूप से जमा किए गए थे जिन्हें अब जब्त कर लिया गया है।
प्रशासन ने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हालत में कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस सख्ती से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है और गैस की उपलब्धता भी बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है।