लखनऊ (उत्तर प्रदेश):- मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप अब एक क्रांतिकारी फीचर पर काम कर रहा है, जिससे यूजर्स उन लोगों से भी चैट कर सकेंगे जिनके पास व्हाट्सएप अकाउंट नहीं है। इस नए ‘गेस्ट चैट्स’ (Guest Chats) फीचर को फिलहाल कुछ चुनिंदा बीटा टेस्टर यूजर्स के लिए रोलआउट किया गया है, जिसमें एंड्रॉयड, आईओएस और वेब वर्जन शामिल हैं।
फीचर ट्रैकर WABetaInfo के अनुसार, व्हाट्सएप यूजर अब “Invite a friend” सेक्शन या कॉन्टैक्ट्स लिस्ट के नीचे से एक सिक्योर इनवाइट लिंक जेनरेट कर सकता है। इस लिंक को एसएमएस, ईमेल या किसी भी अन्य प्लेटफॉर्म से शेयर किया जा सकता है। जब रिसीवर लिंक पर क्लिक करता है, तो वह ब्राउजर में व्हाट्सएप वेब जैसी इंटरफेस में चैट शुरू कर सकता है – बिना ऐप डाउनलोड किए, बिना फोन नंबर रजिस्टर किए और बिना अकाउंट बनाए।
यह चैट एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहती है, यानी प्राइवेसी सुरक्षित है। हालांकि, गेस्ट यूजर्स सिर्फ टेक्स्ट मैसेज ही भेज और प्राप्त कर सकते हैं – फोटो, वीडियो, वॉइस कॉल, ग्रुप चैट या अन्य एडवांस्ड फीचर्स उपलब्ध नहीं होंगे। अगर 10 दिनों तक कोई एक्टिविटी नहीं होती, तो चैट ऑटोमैटिकली एक्सपायर हो जाती है। गेस्ट को ब्लॉक भी किया जा सकता है, जैसे नॉर्मल यूजर को।
यह फीचर अगस्त 2025 से एंड्रॉयड बीटा में टेस्ट हो रहा था, लेकिन अब आईओएस और वेब पर भी उपलब्ध हो गया है। कंपनी का मकसद उन लोगों तक पहुंचना है जो अभी व्हाट्सएप इस्तेमाल नहीं करते, ताकि वे आसानी से बातचीत शुरू कर सकें और शायद बाद में फुल अकाउंट बना लें।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फीचर व्हाट्सएप की यूजर बेस को और बढ़ा सकता है, खासकर उन देशों में जहां लोग दूसरी ऐप्स ज्यादा यूज करते हैं। अभी यह सिर्फ लिमिटेड बीटा यूजर्स के लिए है, और कंपनी ने रिलीज डेट नहीं बताई है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो सकता है।