जौनपुर में बड़ा खुलासा अवैध ऑपरेशन और डिलीवरी पर क्लीनिक का ओटी सील

जौनपुर :- जौनपुर के केराकत कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वंदना पाली क्लीनिक के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया। यह कार्रवाई शिकायतों के आधार पर की गई औचक जांच के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद की गई है।

जांच टीम का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आलोक सिंह के निर्देशन में किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि क्लीनिक को केवल ओपीडी सेवाएं संचालित करने की अनुमति दी गई थी लेकिन इसके बावजूद यहां धड़ल्ले से ऑपरेशन किए जा रहे थे। दस्तावेजों की जांच में भी कई खामियां सामने आईं जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

प्राथमिक जांच में यह भी खुलासा हुआ कि क्लीनिक में अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी कराई जा रही थी। यह न केवल चिकित्सा नियमों का उल्लंघन है बल्कि कानूनन भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में मरीजों की जान को भी बड़ा खतरा होता है।

जांच अधिकारी डॉ आलोक कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि क्लीनिक संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य निजी क्लीनिकों में भी जांच का डर देखा जा रहा है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *