होर्मुज़ में फंसे भारतीय जहाज के कप्तान की मौत, परिवार में मातम

नई दिल्ली :- पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच होर्मुज़ जलडमरूमध्य से एक दुखद खबर सामने आई है। समुद्र में फंसे शिप ‘अवाना’ के कप्तान राकेश रंजन सिंह का निधन हो गया है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

कप्तान राकेश रंजन सिंह का परिवार रांची के अरगोड़ा स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट में रहता है, जबकि वे मूल रूप से बिहारशरीफ के निवासी थे। परिजनों के अनुसार यदि समय पर इलाज मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी, लेकिन युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण उन्हें आपातकालीन चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी।

उन्होंने 2 फरवरी को ‘अवाना’ जहाज ज्वाइन किया था। यह जहाज तेल लेने के लिए होर्मुज़ क्षेत्र गया था। तेल लोड करने के बाद 1 मार्च को जहाज भारत के लिए रवाना हुआ, लेकिन दुबई से लगभग 60 किलोमीटर दूर समुद्र में युद्ध के प्रभाव के कारण उसे रोकना पड़ा।

पिछले 18 दिनों से जहाज पर मौजूद 32 क्रू सदस्य वहीं फंसे हुए थे और घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। इस बीच कप्तान की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल सका, जिससे उनकी मौत हो गई।

इस घटना ने समुद्री सुरक्षा और युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसे नागरिकों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार ने सरकार से मदद और अन्य क्रू सदस्यों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।

फिलहाल यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है बल्कि उन सभी लोगों के लिए चिंता का विषय है जो युद्धग्रस्त क्षेत्रों में फंसे हुए हैं और मदद का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *