जौनपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

 

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चकमाहन गांव में गुरुवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज हत्या बताया है। परिजनों का कहना है कि हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। विवाहिता एक दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। उसकी शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी, ऐसे में घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बक्सा थाना क्षेत्र के कोहड़े सुल्तानपुर गांव निवासी शंकर यादव उर्फ मखन्चु की बेटी सेजल की शादी 29 अप्रैल 2025 को चकमाहन गांव निवासी कन्हैयालाल यादव के बेटे सचिन यादव के साथ हुई थी।

घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *