जौनपुर में किशोर का शव मिलने से सनसनी, हत्या का आरोप

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):-जौनपुर के मछलीशहर क्षेत्र में एक किशोर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के अलापुर से बामी जाने वाले मार्ग पर गुरुवार सुबह 17 वर्षीय सौरभ यादव का शव सड़क किनारे मिला।

परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए जौनपुर रायबरेली मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सौरभ की हत्या कर शव को सरपत में फेंका गया।

जानकारी के अनुसार सौरभ यादव अपने बड़े भाई के साले अभिषेक यादव के साथ अलापुर स्थित रिश्तेदारी में गया था। बुधवार शाम दोनों घर से निकले थे लेकिन गुरुवार सुबह तक सौरभ घर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा फोन करने पर अभिषेक ने बताया कि रास्ते में दुर्घटना हो गई है।

मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि सौरभ का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ था। पिता लालधारी यादव ने आरोप लगाया कि सौरभ के गले सिर और सीने पर चोट के निशान हैं जिससे यह साफ होता है कि उसकी हत्या की गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर अभिषेक यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

थाना प्रभारी विनीत राय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हो रहा है लेकिन हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *