वाराणसी (उत्तर प्रदेश):- वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। इस घटना ने पूरे परिसर को हिला दिया है और छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।पुलिस कमिश्नर के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
घटना के बाद कॉलेज कैंपस में स्थिति अभी भी संवेदनशील बनी हुई है। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के बाहर धरने पर बैठे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। छात्रों का गुस्सा केवल आरोपी पर ही नहीं बल्कि कॉलेज प्रशासन खासकर प्रिंसिपल के खिलाफ भी नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार आरोपी मंजीत चौहान की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि छात्र सूर्या को प्रिंसिपल के सामने गोली मारी गई थी जिससे घटना और भी गंभीर हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी छात्र पर पहले भी मुकदमा दर्ज था। इस तथ्य ने कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई है। शिवपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और छात्रों को शांत रहने की अपील की गई है। इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।