झांसी (उत्तर प्रदेश):- दरोगा भर्ती परीक्षा देने के लिए बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी लेने वाले 23 सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। मामला 14-15 मार्च को हुई उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़ा है। सिपाहियों ने बिना अनुमति परीक्षा में शामिल होकर विभागीय नियमों का उल्लंघन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 19 मार्च को यह कार्रवाई की, जो सोमवार को सार्वजनिक हुई। विभागीय जांच में सामने आया कि सभी सिपाही झूठी बीमारी दिखाकर छुट्टी लेकर परीक्षा देने गए थे और बाद में ड्यूटी पर लौट आए।
पुलिस विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सभी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह के अनुसार, परीक्षा देने के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होता है। बिना अनुमति और झूठ बोलकर छुट्टी लेना सेवा नियमों का उल्लंघन है, जिसके चलते सख्त कार्रवाई की जाती है।
यदि जांच में दोष सिद्ध होता है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के कैरेक्टर रोल में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी और उन्हें प्रमोशन व महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से वंचित किया जा सकता है।