पटना (बिहार):- पटना से टाटानगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खाने को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। यात्री रितेश कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें दी गई अमूल दही में कीड़े पाए गए, जिससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में नाराजगी फैल गई।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय ने जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की है। रिपोर्ट के मुताबिक, खानपान सेवा की जिम्मेदारी संभाल रही IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की जांच के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
यह घटना एक बार फिर ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की शिकायत होने पर तुरंत आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।