नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश के वीर सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, अब सेना नौसेना और वायुसेना के वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले जवानों को भारतीय रेलवे की ट्रेनों में जीवनभर मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
इस आदेश के तहत फर्स्ट क्लास 2 एसी और एसी चेयर कार जैसी श्रेणियों में यात्रा की अनुमति होगी। खास बात यह है कि लाभार्थी अपने साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा का लाभ दे सकेंगे जिससे यह योजना और अधिक उपयोगी बन जाती है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी वीरता पुरस्कार विजेता का निधन हो चुका है तो उनके जीवनसाथी को यह सुविधा जारी रहेगी। विधवा या विधुर को यह लाभ उनके पुनर्विवाह तक मिलेगा। वहीं अविवाहित मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले जवानों के माता पिता को भी इस योजना में शामिल किया गया है ताकि परिवार को सम्मान और सहारा मिल सके।
इस फैसले को सैनिकों के त्याग और बलिदान के प्रति देश की कृतज्ञता के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से ऐसी मांग की जा रही थी कि वीरता पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएं।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से न केवल सैनिकों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होगी। यह निर्णय यह भी दर्शाता है कि देश अपने वीरों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।सरकार का यह फैसला एक सम्मानजनक पहल है जो वीर सैनिकों और उनके परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से राहत देने के साथ साथ उनके योगदान को याद रखने का संदेश देता है।