बिजनेस डेस्क: भारतीय शेयर बाजार में हालिया गिरावट के बीच सरकारी बैंकों के स्टॉक्स में बड़ी बिकवाली देखने को मिली है। स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया से लेकर केनरा बैंक के कई प्रमुख बैंकों के शेयर तेजी से नीचे आए हैं। इससे निवेशकों के बीच चिंता बढ़ गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे कई अहम कारण हैं। सबसे बड़ा कारण वैश्विक बाजारों में कमजोरी और बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है। मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने से निवेशकों का रुख जोखिम से बचने की ओर हो गया है। इसका सीधा असर बैंकिंग सेक्टर पर पड़ा है।
इसके अलावा विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी सरकारी बैंकों के शेयरों पर दबाव बनाया है। जब बड़े निवेशक बाजार से पैसा निकालते हैं तो बैंकिंग सेक्टर सबसे पहले प्रभावित होता है। एक अन्य वजह मुनाफावसूली भी मानी जा रही है। पिछले कुछ समय में सरकारी बैंकों के शेयरों में अच्छी तेजी आई थी। ऐसे में निवेशकों ने मुनाफा बुक करना शुरू कर दिया, जिससे शेयरों में गिरावट तेज हो गई।
ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और आर्थिक संकेतकों में उतार-चढ़ाव भी इस गिरावट के कारण बने हैं। इससे बैंकों की भविष्य की कमाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। निवेशकों को जल्दबाजी में फैसले लेने से बचना चाहिए और लंबी अवधि के नजरिए से निवेश करना चाहिए।