बागपत (उत्तर प्रदेश):- बागपत के बड़ौत क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है जहां बस और कैंटर की आमने सामने की भिड़ंत में एक छात्र की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बडौली गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बस और कैंटर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है।
इस हादसे में बारहवीं कक्षा के छात्र आदित्य को गंभीर चोटें आईं जिसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दुखद खबर से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है