जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के मडियाहू क्षेत्र में सड़क पर किए गए अतिक्रमण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मडियाहू जौनपुर रोड स्थित मौलनापुर गांव के मार्ग पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस जारी होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार सड़क की दाहिनी पटरी पर गोमती और टीन शेड रखकर अस्थाई अतिक्रमण किया गया था जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड जौनपुर के सहायक अभियंता द्वारा नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अवैध तरीके से कायम किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया जाए।
विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाना अनिवार्य होगा। यदि तय समय सीमा के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो विभाग द्वारा आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में प्रशासनिक सहयोग के साथ बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की संभावना भी जताई जा रही है।
इस संबंध में अवर अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग जौनपुर अमित सिंह ने नोटिस की प्रतिलिपि उप जिलाधिकारी मडियाहू को भी भेज दी है ताकि प्रशासन स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम और दुर्घटना की स्थिति बनती थी।
नोटिस जारी होने के बाद अब अतिक्रमणकारियों में अफरा तफरी का माहौल है। कई लोग स्वयं अतिक्रमण हटाने की तैयारी में जुट गए हैं। विभाग का कहना है कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुचारु बनाना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में अभियान आगे भी जारी रहेगा।