National Archery Championship रायपुर:-छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 6 से 8 जनवरी 2026 तक होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में सोनभद्र के राजवीर सिंह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राजवीर सिंह, जो डी.ए.वी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल रावटसगंज में कक्षा 9 के छात्र हैं, ने इस प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में जगह बनाई है।
राजवीर सिंह ने साढ़े छह साल की उम्र से ही तीरंदाजी की ट्रेनिंग लेना शुरू कर दिया था और अब तक तीन राष्ट्रीय और चार राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं। उनके कोच सुरेश कुमार के नेतृत्व में वह उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। राजवीर सिंह के चयन पर डी.ए.वी. स्कूल के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक, एशियन तीरंदाजी कोच श्री विश्वास शर्मा और ओलंपियन कोच श्रीमती सुमंगला शर्मा ने बधाई दी है। जिला क्रीडा अधिकारी श्री समीम अहमद और जिला तीरंदाजी संघ सोनभद्र के सचिव श्री बलराम कृष्ण यादव ने भी राजवीर को शुभकामनाएं दी हैं।