बेंगलुरु के ट्रैफिक संकट से जन्मा एआई हेलमेट बना तकनीक और अनुशासन का नया हथियार

बेंगलुरु :- बेंगलुरु के लगातार बढ़ते ट्रैफिक और नियमों की अनदेखी से परेशान एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने तकनीक का अनोखा समाधान पेश किया है। इस इंजीनियर ने एक ऐसा एआई आधारित स्मार्ट हेलमेट विकसित किया है जो सड़क पर नियम तोड़ने वालों की पहचान कर उनके सबूत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकता है। यह हेलमेट न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कदम है बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा है।

 

यह एआई हेलमेट हाई रेजोल्यूशन कैमरा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एल्गोरिद्म से लैस है। जैसे ही कोई वाहन चालक रेड लाइट जंप करता है गलत लेन में चलता है या बिना हेलमेट वाहन चलाता है यह सिस्टम तुरंत उस गतिविधि को रिकॉर्ड कर लेता है। इसके बाद हेलमेट में लगा सॉफ्टवेयर वीडियो और फोटो सबूत को अपने आप प्रोसेस कर पुलिस सर्वर तक भेज देता है। इससे ट्रैफिक पुलिस को मौके पर मौजूद रहने की आवश्यकता भी कम हो सकती है।

 

इंजीनियर का कहना है कि बेंगलुरु जैसे महानगर में ट्रैफिक नियमों का पालन न होना केवल अव्यवस्था नहीं बल्कि जानलेवा समस्या बन चुका है। रोजाना होने वाले हादसों और जाम ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि तकनीक के जरिए नागरिक खुद समाधान का हिस्सा बन सकते हैं। इसी सोच से इस एआई हेलमेट का विचार सामने आया।

 

इस हेलमेट की खास बात यह है कि इसे आम दोपहिया चालक भी इस्तेमाल कर सकता है। भविष्य में इसे डिलीवरी एजेंट्स और ट्रैफिक वॉलंटियर्स के लिए भी उपयोगी बनाने की योजना है। साथ ही डाटा प्राइवेसी का भी ध्यान रखा गया है ताकि केवल नियम उल्लंघन से जुड़ी जानकारी ही साझा हो।

ट्रैफिक पुलिस ने भी इस पहल में रुचि दिखाई है और पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे आजमाने पर विचार कर रही है। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो यह मॉडल देश के अन्य शहरों के लिए भी मिसाल बन सकता है और सड़क सुरक्षा में एक बड़ा बदलाव ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *