चीन में नया मोबाइल एप जो हर दो दिन में जीवन की पुष्टि मांगता है

बीजिंग (चीन):- चीन में इन दिनों एक अनोखा मोबाइल एप लोगों के बीच तेजी से चर्चा में है। इस एप का नाम Are You Dead है और यह यूजर्स से हर दो दिन में एक साधारण लेकिन चौंकाने वाला सवाल पूछता है कि क्या वे अभी जीवित हैं। सुनने में यह अजीब लग सकता है लेकिन यही वजह है कि यह एप लाखों लोगों का ध्यान खींच रहा है। यह एप चीन का सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला पेड एप बन चुका है।

 

इस एप की खास बात यह है कि यह किसी गेम या मनोरंजन के लिए नहीं बनाया गया है बल्कि इसका उद्देश्य डिजिटल जीवन को व्यवस्थित करना बताया जा रहा है। एप यूजर को एक नोटिफिकेशन भेजता है जिसमें उनसे अपनी मौजूदगी की पुष्टि करने को कहा जाता है। अगर यूजर तय समय के भीतर जवाब नहीं देता तो एप पहले से तय किए गए निर्देशों के अनुसार काम करता है। इनमें जरूरी फाइलें भेजना या तय लोगों को सूचना देना शामिल हो सकता है।

 

एप बनाने वालों का कहना है कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग अपनी डिजिटल पहचान को लेकर गंभीर नहीं होते। अचानक किसी दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में जरूरी जानकारियां और अकाउंट अधूरे रह जाते हैं। यह एप उसी समस्या का समाधान पेश करता है। यूजर पहले ही तय कर सकता है कि उसकी गैर मौजूदगी में क्या किया जाए।

 

चीन में खासतौर पर युवा प्रोफेशनल्स इस एप को पसंद कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि यह एप उनकी जिम्मेदारियों को लेकर एक तरह की मानसिक शांति देता है। सोशल मीडिया पर भी इस एप को लेकर खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे जरूरी बता रहे हैं तो कुछ इसे डर पैदा करने वाला मानते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह एप बदलते समय की सोच को दर्शाता है। जहां लोग अपनी डिजिटल विरासत को लेकर पहले से तैयारी करना चाहते हैं। Are You Dead एप इसी नई सोच का उदाहरण बनकर सामने आया है और यही वजह है कि इतने कम समय में यह एप चीन में बड़ी संख्या में डाउनलोड किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *