नई दिल्ली :- दिल्ली में हुए एक दर्दनाक हत्याकांड ने एक पूरे परिवार की जिंदगी उजाड़ दी है। रंजन नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या के बाद उसके घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार गहरे सदमे में है और किसी को भी इस घटना पर भरोसा नहीं हो पा रहा है। पिता का कहना है कि अब दिल्ली रहने लायक नहीं बची है और वे घर बेचकर अपने गांव वापस जाने का मन बना चुके हैं।
मां सुदामा बेटे की मौत की खबर के बाद से बेसुध हैं। उनका रो रोकर बुरा हाल है और बार बार अपने बेटे को पुकार रही हैं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों का कहना है कि मां को संभालना बेहद मुश्किल हो गया है। बेटे की यादें हर कोने में उन्हें तोड़ रही हैं। परिवार के लिए यह दुख किसी बड़े आघात से कम नहीं है।
पिता ने कहा कि उन्होंने बेहतर भविष्य की उम्मीद में दिल्ली का रुख किया था। लेकिन अब यहां असुरक्षा और डर का माहौल है। उनका कहना है कि जिस शहर में मेहनत करने वाले लोग सुरक्षित नहीं हैं वहां रहना अब संभव नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि न्याय मिलने के बाद वे गांव लौट जाएंगे और वहीं शेष जीवन बिताएंगे।
रंजन का भाई इस दुख की घड़ी में भी हिम्मत दिखा रहा है। उसने कहा कि वह अपने भाई को इंसाफ दिलाने के लिए मजबूती से कानूनी लड़ाई लड़ेगा। उसने सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की कसम खाई है। भाई का कहना है कि उसका भाई मेहनती था और उसका किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
यह घटना दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। परिवार का दर्द केवल उनका निजी दुख नहीं है बल्कि यह समाज के लिए एक चेतावनी भी है। जरूरत है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई हो ताकि किसी और परिवार को यह दिन न देखना पड़े।