हिमाचल में बर्फबारी बनी संकट का कारण पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ीं

 

शिमला (हिमाचल प्रदेश):- हिमाचल प्रदेश में जारी भारी बर्फबारी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही स्नोफॉल के कारण सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई है और पर्यटकों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। राज्य में कुल 835 सड़कें बंद पड़ी हैं जिनमें तीन नेशनल हाईवे भी शामिल हैं। कई जगहों पर वाहन कई घंटों से जाम में फंसे हुए हैं और लोगों को खाने पीने तक की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

 

बर्फबारी का असर सिर्फ यातायात तक सीमित नहीं है बल्कि बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह चरमरा गई है। प्रदेश में 1942 ट्रांसफार्मर खराब हो चुके हैं जिससे हजारों घरों में अंधेरा छा गया है। ठंड के इस मौसम में बिजली गुल होने से स्थानीय लोगों के साथ साथ पर्यटक भी परेशान हैं। होटल और होम स्टे में ठहरे लोगों को हीटर और गर्म पानी जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

 

प्रशासन की टीमें लगातार सड़कों को खोलने और बिजली बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई हैं। मशीनों की मदद से बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है लेकिन लगातार हो रही स्नोफॉल के कारण राहत कार्यों में बाधा आ रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए भी स्नोफॉल का यलो अलर्ट जारी किया है जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें। पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम की जानकारी लेना बेहद जरूरी है। हिमाचल की खूबसूरती इस समय बर्फ की चादर में जरूर ढकी है लेकिन यह खूबसूरती फिलहाल आफत बनकर सामने आ रही है। आने वाले दिनों में मौसम साफ होने पर ही हालात सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *