7 फरवरी को ओला उबर रैपिडो ड्राइवरों की देशव्यापी हड़ताल किराया शोषण के खिलाफ ऑल इंडिया ब्रेकडाउन का ऐलान

नई दिल्ली :- देशभर में कैब और बाइक टैक्सी सेवाओं से जुड़े ड्राइवरों ने 7 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ओला उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवर संगठनों ने इस आंदोलन को ऑल इंडिया ब्रेकडाउन नाम दिया है। ड्राइवरों का कहना है कि लगातार घटते किराए बढ़ता कमीशन और कंपनियों की एकतरफा नीतियों के कारण उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ड्राइवर संगठनों के अनुसार वर्तमान में कंपनियां यात्रियों से तो मनमाना किराया वसूल रही हैं लेकिन ड्राइवरों को उसका उचित हिस्सा नहीं मिल रहा। कई शहरों में प्रति किलोमीटर दर इतनी कम कर दी गई है कि ईंधन वाहन रखरखाव और रोजमर्रा के खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही इंसेंटिव सिस्टम में बार बार बदलाव और अकाउंट सस्पेंशन जैसी समस्याओं ने ड्राइवरों की परेशानी और बढ़ा दी है।

 

हड़ताल के दौरान 7 फरवरी को देश के बड़े शहरों सहित छोटे कस्बों में भी ओला उबर और रैपिडो की सेवाएं ठप रहने की संभावना जताई जा रही है। ड्राइवरों ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह आंदोलन उनके अधिकारों और सम्मानजनक कमाई के लिए जरूरी है। उनका कहना है कि जब तक किराया नीति में पारदर्शिता और ड्राइवर हितैषी बदलाव नहीं किए जाते तब तक विरोध जारी रहेगा।

 

ड्राइवरों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम प्रति किलोमीटर किराया तय करना कमीशन की सीमा निर्धारित करना बिना वजह आईडी ब्लॉक करने की प्रक्रिया बंद करना और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान लागू करना शामिल हैं। कई संगठनों ने यह भी मांग की है कि सरकार इस पूरे सेक्टर के लिए स्पष्ट नियम बनाए ताकि ड्राइवरों का शोषण रोका जा सके।

 

इस हड़ताल का असर आम यात्रियों पर भी पड़ सकता है खासकर ऑफिस जाने वाले लोगों और हवाई अड्डा रेलवे स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। 7 फरवरी को प्रस्तावित यह आंदोलन देश में ऐप आधारित परिवहन सेवाओं के भविष्य को लेकर एक अहम मोड़ माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *