नई दिल्ली :- भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव करते हुए घोषणा की है कि 1 मार्च से मौजूदा UTS मोबाइल एप को बंद कर दिया जाएगा। यह एप अब तक अनारक्षित यानी जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल की जाती थी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अब यात्रियों को नई और उन्नत RailOne एप का उपयोग करना होगा।
RailOne एप को अधिक सुविधाजनक और बहुउद्देश्यीय प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इस नई एप के जरिए यात्री जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के साथ साथ कई अन्य सेवाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। रेलवे का कहना है कि अलग अलग एप की जगह एकीकृत सिस्टम लाकर यात्रियों को बेहतर अनुभव देना इसका मुख्य उद्देश्य है।
नई एप में यूजर फ्रेंडली इंटरफेस के साथ डिजिटल पेमेंट की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यात्री अपने मोबाइल फोन से ही टिकट बुक कर सकेंगे और स्टेशन पर लंबी कतारों से बच पाएंगे। इसके अलावा टिकट हिस्ट्री देखने और यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा भी दी जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार UTS एप बंद होने के बाद सभी मौजूदा उपयोगकर्ताओं को RailOne एप डाउनलोड कर अपनी प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। जिन यात्रियों ने पहले से रजिस्ट्रेशन कर रखा है उन्हें नई एप में लॉगिन करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि 1 मार्च से पहले ही नई एप डाउनलोड कर लें ताकि टिकट बुकिंग में किसी प्रकार की असुविधा न हो। रेलवे का मानना है कि RailOne एप डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और कदम है जिससे यात्रियों को अधिक सरल और आधुनिक सेवा मिलेगी।