केराकत तहसील सभागार में बीएलओ को मिला प्रशिक्षण डीएम ने दिए निर्वाचन संबंधी निर्देश

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जनपद के केराकत तहसील सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद ने की। प्रशिक्षण में ईआरओ एईआरओ बीएलओ और सुपरवाइजर शामिल रहे।

डीएम ने मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फॉर्म 6 फॉर्म 7 और फॉर्म 8 भरने की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी इन फॉर्मों को सही तरीके से भरना सीखें ताकि आम नागरिकों को भी सही मार्गदर्शन दिया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाताओं को नोटिस जारी करने और आवश्यक संशोधन करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान के तहत 18 जनवरी को आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया गया था। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी के अतिरिक्त 1 अप्रैल 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के फॉर्म 6 अवश्य भरवाए जाएं। साथ ही घोषणा पत्र और मोबाइल नंबर दर्ज करना भी अनिवार्य बताया गया।

उन्होंने ईआरओ और एईआरओ को निर्देश दिया कि बीएलओ और सुपरवाइजरों को फॉर्म अपलोड करने में पूरा सहयोग प्रदान करें ताकि प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

इस अवसर पर एसडीएम केराकत शैलेंद्र कुमार तहसीलदार अजीत कुमार नायब तहसीलदार हुसैन अहमद प्रमोद कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने मुफ्तीगंज बीडीओ अस्मिता सेन सहित अन्य कर्मियों से फॉर्म 6 7 8 की प्राप्ति इंटरनेट सुविधा और बूथों की संख्या समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी भी ली। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और प्रभावी बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *