जौनपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी डीएम ने दिए सख्त निर्देश

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय भवन में जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में केंद्र व्यवस्थापकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तय की गई। अधिकारियों ने बताया कि 13 फरवरी से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8 बजकर 30 मिनट से 11 बजकर 45 मिनट तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक संचालित की जाएगी। जनपद के कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। हाई स्कूल में 77042 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं जबकि इंटरमीडिएट में 77080 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

 

परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। 6 जोनल मजिस्ट्रेट 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता हर हाल में बनाए रखी जाए और परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए। किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय कंट्रोल रूम नंबर 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल विहीन परीक्षा कराना शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *