जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- चंदवक क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। 10 फरवरी को पूर्वांचल किसान संगठन के नेतृत्व में किसानों और स्थानीय व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर झाड़ू लगाकर उखड़ी गिट्टियां इकट्ठा कर घटिया निर्माण के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद प्रशासन और ठेकेदार सक्रिय हुए और क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार दानगंज से कनोरा तक करीब 16 किलोमीटर सड़क की मरम्मत प्रस्तावित है और निर्माण कार्य दानगंज की ओर से आगे बढ़ रहा है। लेकिन चंदवक बाजार सहित कई जगहों पर सड़क बनने के दूसरे ही दिन गिट्टियां उखड़कर बिखरने लगी जिससे राहगीरों और दुकानदारों को धूल और खराब रास्ते के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने मानकों के अनुरूप निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी गुणवत्ता में कमी रही तो मामला सीधे सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और खराब हिस्सों को मशीनों से हटाकर पुनर्निर्माण कराया जा रहा है।