जंघई स्टेशन पर भतीजे को ट्रेन में बैठाने आए चाचा की संदिग्ध मौत

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):-  जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र में जंघई रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां अपने भतीजे को ट्रेन में बैठाने आए एक व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

जानकारी के अनुसार सिकरहारा थाना क्षेत्र के टेकारी गांव निवासी दिल कुमार यादव सोमवार शाम अपने भतीजे विजय को कामायनी एक्सप्रेस में बैठाने के लिए जंघई जंक्शन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब पौने छह बजे उन्होंने भतीजे को ट्रेन में बैठाया और इसके बाद प्लेटफार्म संख्या एक से पूर्वी दिशा की ओर निकल गए।

 

कुछ देर बाद उनके साथ आए परिजन और परिचित उन्हें खोजने लगे लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद लोगों ने जीआरपी को सूचना दी। इसी दौरान स्टेशन के पूर्वी छोर पर दिल कुमार यादव जमीन पर गिरे हुए मिले और उनकी नाक से खून निकल रहा था जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई।

 

जीआरपी कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें उपचार के लिए दुर्गागंज अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

 

जीआरपी जंघई प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने या गिरने से चोट लगने का प्रतीत हो रहा है हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।

 

घटना के बाद परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस अचानक हुई मौत से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *