जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के बदलापुर कस्बे में महाराजगंज रोड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के मुख्य द्वार पर सोमवार देर शाम अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया जबकि स्कूल प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि देर शाम एक बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश स्कूल गेट के पास पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने चार राउंड फायर किए जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए। कुछ गोलियां स्कूल की दीवार पर भी लगीं। घटना के समय वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
यह पहली बार नहीं है जब इस स्कूल को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 27 जनवरी को भी इसी स्थान पर बदमाशों ने फायरिंग की थी जिसमें स्कूल के शीशे क्षतिग्रस्त हुए थे। उस घटना में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। दूसरी बार हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने बताया कि स्कूल के प्रबंधक निर्देशक थॉमस जोसेफ की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फायरिंग का उद्देश्य दहशत फैलाना हो सकता है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि बच्चों और अभिभावकों में व्याप्त भय समाप्त हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।