मुम्बई (महाराष्ट्र):-फिल्म और टेलीविजन जगत की जानी मानी अभिनेत्री प्रवीणा देशपांडे का 60 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कुछ वर्षों से मल्टीपल मायलोमा जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर से मनोरंजन उद्योग और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रवीना देशपांडे को खास पहचान फिल्म रेडी में उनके यादगार अभिनय से मिली थी जिसमें उन्होंने सुपरस्टार सलमान खान के साथ स्क्रीन साझा की थी। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम कर दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई।
बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार मुंबई में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। उनके सहयोगियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक संवेदनशील और समर्पित कलाकार बताया।
प्रवीना देशपांडे अपने सहज अभिनय और मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने हर किरदार में गहराई और सादगी का ऐसा मेल दिखाया जो दर्शकों के दिलों में बस गया। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।फिल्म और टीवी जगत के कई कलाकारों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।