जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के थाना गद्दी क्षेत्र के दुसौरी गांव में अतिक्रमण की शिकायत करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शिकायत से नाराज लोगों ने रास्ते में रोक कर मारपीट की और असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
दुसौरी गांव निवासी जितेंद्र सिंह जो रिटायर्ड डीआईजी कृपा शंकर सिंह के छोटे भाई बताए जाते हैं ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव की नवीन परती और समाज की जमीन पर कथित अवैध अतिक्रमण की शिकायत उन्होंने पहले जिला प्रशासन से की थी। इसी बात को लेकर आरोपियों में नाराजगी थी।
आरोप है कि 21 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे खेत से लौटते समय गांव के ही दो लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने लाइसेंसी असलहा दिखाकर गाली गलौज की और लात घूंसों से मारपीट की। किसी तरह मौके से निकल कर उन्होंने अपनी जान बचाई।
पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।