जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- थाना गद्दी केराकत क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म और छेड़खानी के आरोप में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय भेज दिया है।
थाना गद्दी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने अपने पड़ोसी युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार उसका पति दिल्ली में रहता है और वह अपने दो बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती है। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला आकाश पुत्र कांता प्रसाद अक्सर उसे गलत इशारे करता था और विरोध करने के बावजूद अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
पीड़िता ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे आरोपी उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरन अभद्र व्यवहार किया। शोर मचाने पर घर के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म छेड़खानी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। रविवार शाम पुलिस ने आरोपी आकाश निवासी सोहनी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी का चालान न्यायालय में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।