नई दिल्ली :- स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से देशभर में लड़कियों के टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। मंत्रालय ने 14 वर्ष की आयु की सभी बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने का संकल्प लिया है। इस राष्ट्रीय अभियान की औपचारिक शुरुआत 28 फरवरी 2026 को सुबह 11.30 बजे निर्धारित की गई है।
इस अभियान को प्रधानमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है और कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान के अजमेर से किया जाएगा। कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान सभी राज्य और संघ राज्य क्षेत्र अपने स्थानीय राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सहयोग से एक विशेष वर्चुअल लिंक के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इस आयोजन में संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रशासक स्वास्थ्य मंत्री और राज्य मुख्यालय के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी भी शामिल होंगे।
सरकार का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है। विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन कम उम्र में लगाए जाने पर अधिक प्रभावी होती है और भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती है। इस अभियान के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अधिक से अधिक बालिकाओं तक टीकाकरण सुविधा पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और स्थानीय स्तर पर स्कूलों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं ताकि अभियान सुचारु रूप से संचालित हो सके और अधिकतम लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।