नई दिल्ली :- दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्र संघ से जुड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई कथित हिंसा के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। ताजा जानकारी के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि घटना के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित होने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में छात्र राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें पूर्व जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष नीतीश कुमार वर्तमान अध्यक्ष अदिति मिश्रा उपाध्यक्ष गोपिका बाबू और संयुक्त सचिव दानिश अली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अन्य गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान और भूमिका की भी जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है। वहीं छात्र संगठनों का आरोप है कि प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत किया जा रहा था और गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने विरोध दर्ज कराया है।
विश्वविद्यालय परिसर में फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति दोबारा न बने। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और जांच प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।
इस मामले को लेकर राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में बहस जारी है और आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।