ब्रेकिंग न्यूज़: जौनपुर के गोठौली गांव में पंचायत के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, मची अफरा-तफरी

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के चंदवक क्षेत्र स्थित गोठौली गांव में शनिवार को पंचायत के दौरान अचानक फायरिंग होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना मुस्लिम बस्ती की बताई जा रही है जहां छात्रों के दो गुटों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई थी।

जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले केराकत के अमिहित स्थित एक इंटर कॉलेज में परीक्षा के बाद दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई जिसमें रोहन पुत्र गप्पी निवासी तराव गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता रहा और बदले की भावना बनी रही।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दूसरे पक्ष के समीर पुत्र जमालुद्दीन निवासी गोठौली की पिटाई का आरोप लगा जिससे मामला और ज्यादा गर्म हो गया। इसी विवाद को खत्म करने के लिए शनिवार दोपहर गोठौली गांव की मुस्लिम बस्ती में पंचायत आयोजित की गई जहां दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।

पंचायत के दौरान बातचीत चल ही रही थी कि एक पक्ष की ओर से आए करीब आठ लोगों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच चौरा केराकत निवासी अविनाश नामक युवक ने तमंचे से लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

हालांकि राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसके पास से तमंचा कारतूस और खोखा बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को आरोपी को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *