Final Result /नई दिल्ली:- इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने रविवार शाम सीए फाइनल (जनवरी 2026) परीक्षा के बहुप्रतीक्षित परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार की परीक्षा में बेटियों ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। हरियाणा के करनाल की दीक्षा गोयल ने अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान (AIR 1) हासिल कर देशभर में गौरव बढ़ाया है। इस गौरवशाली उपलब्धि के साथ ही देश को 7,590 नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स मिल गए हैं।
दीक्षा गोयल ने 81% अंकों के साथ किया टॉप
परीक्षा परिणामों के अनुसार, दीक्षा गोयल ने कुल 600 अंकों में से 486 अंक (81%) प्राप्त कर देश भर में टॉप किया है। दीक्षा की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से दुनिया की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षाओं में से एक को न केवल पास किया जा सकता है बल्कि उसमें शीर्ष स्थान भी पाया जा सकता है।
टॉपर्स की सूची (Merit List)
इस बार की मेरिट लिस्ट में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा करने वाले छात्र इस प्रकार हैं:
रैंक- नाम -शहर- अंक (%)
AIR 1,दीक्षा गोयल, करनाल,486 (81.00%)
AIR 2,अनिरुद्ध गर्ग, पोंटा साहिब, 452 (75.33%)
AIR 3, ऋषभ जै, नई दिल्ली,451 (75.17%)
AIR 3- ध्रुव डेम्बला, सोनीपत, 451 (75.17%)
नोट: तृतीय स्थान पर दो छात्रों ने संयुक्त रूप से बाजी मारी है।
पास प्रतिशत: ग्रुप-2 ने दी कड़ी चुनौती
इस वर्ष का पास प्रतिशत पिछले सत्रों की तुलना में काफी कम रहा है, जो परीक्षा के कठिन स्तर को दर्शाता है। कुल 22,293 छात्र दोनों ग्रुपों (Both Groups) में शामिल हुए थे, जिनमें से केवल 2,446 (10.97%) छात्र ही सफल हो पाए।
ग्रुप I: 21.03% छात्र सफल रहे।
ग्रुप II: 9.76% छात्र ही पास हो सके।
दोनों ग्रुप: कुल पास प्रतिशत 10.97% रहा।
कुल मिलाकर जनवरी 2026 की इस परीक्षा के माध्यम से 7,590 उम्मीदवारों ने सीए की डिग्री हासिल करने की अर्हता प्राप्त की है।
अगली परीक्षा (मई 2026) के लिए महत्वपूर्ण तिथियां
परिणामों की घोषणा के साथ ही ICAI ने अगले सत्र (मई 2026) के लिए भी बिगुल फूंक दिया है। मई सत्र की परीक्षाएं 2 मई 2026 से शुरू होंगी।
पंजीकरण (Registration) शुरू: 03 मार्च, 2026
बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि: 16 मार्च, 2026
अपना रिजल्ट कैसे चेक करें?
उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड और विस्तृत परिणाम ICAI की आधिकारिक वेबसाइट icai.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर (SRO नंबर) दर्ज करना होगा।