नई दिल्ली :- CBSE ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने बहरीन ईरान कुवैत ओमान कतर सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब एमिरेट्स में चल रही परिस्थितियों को देखते हुए कक्षा 10 और कक्षा 12 की परीक्षाओं को लेकर नई घोषणा जारी की है।
बोर्ड के अनुसार कक्षा 10 की 7 मार्च से 11 मार्च तक होने वाली सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही 2 मार्च 5 मार्च और 6 मार्च को जिन परीक्षाओं को पहले स्थगित किया गया था उन्हें भी अब पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इन छात्रों के परिणाम किस प्रकार घोषित किए जाएंगे इसकी जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी।
वहीं कक्षा 12 के छात्रों के लिए 7 मार्च को होने वाली परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित की जाएगी। बोर्ड ने यह भी कहा है कि 9 मार्च से आगे होने वाली परीक्षाओं को लेकर स्थिति की समीक्षा 7 मार्च को की जाएगी और उसी के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
सीबीएसई ने छात्रों से अपील की है कि वे अपने स्कूलों के संपर्क में बने रहें और केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें। बोर्ड ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है और हालात सामान्य होने पर आगे की परीक्षा संबंधी जानकारी जारी की जाएगी।