नई दिल्ली :- दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए PWD ने एक नई पहल शुरू करने की योजना बनाई है। दिल्ली सरकार राजधानी की 1000 स्ट्रीट लाइट पर पानी का मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाने की तैयारी कर रही है ताकि सड़कों पर उड़ने वाली धूल को कम किया जा सके और हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
दिल्ली के मंत्री परवेज साहिब सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य खासतौर पर उन इलाकों में धूल प्रदूषण को कम करना है जहां ट्रैफिक ज्यादा रहता है और निर्माण कार्यों के कारण हवा में धूल के कण अधिक फैलते हैं। स्ट्रीट लाइट पर लगाए जाने वाले मिस्ट स्प्रे सिस्टम से बारीक पानी की बूंदें निकलेंगी जो हवा में मौजूद धूल को नीचे बैठाने में मदद करेंगी।
सरकार का मानना है कि यह तकनीक प्रदूषण से निपटने में काफी कारगर साबित हो सकती है और इससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा यह व्यवस्था पानी की कम खपत के साथ लगातार काम करने में सक्षम होगी जिससे पर्यावरण पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ेगा।
दिल्ली सरकार का कहना है कि अगर यह योजना सफल रहती है तो आने वाले समय में इसे राजधानी के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार प्रदूषण से निपटने के लिए ऐसी तकनीकी पहलों के साथ-साथ लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना जरूरी है।