पटना (बिहार):- बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिल रही है। पटना में स्थित जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय के बाहर समर्थकों ने कई पोस्टर लगाए हैं जिनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की गई है। इन पोस्टरों ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।
दरअसल मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने हाल ही में वर्ष 2026 के राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। उनके इस कदम के बाद पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच अलग अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ समर्थकों का मानना है कि नीतिश कुमार को राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहना चाहिए इसलिए उन्होंने पोस्टरों के माध्यम से उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है।
पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर लगाए गए इन पोस्टरों में नीतिश कुमार को बिहार की राजनीति का अनुभवी और महत्वपूर्ण नेता बताया गया है। समर्थकों का कहना है कि उनके नेतृत्व में राज्य ने कई विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया है इसलिए उनका सक्रिय रहना पार्टी और राज्य दोनों के लिए जरूरी माना जाता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम है लेकिन इसके साथ ही पार्टी के भीतर और समर्थकों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर पार्टी और नीतिश कुमार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
फिलहाल पटना में लगे पोस्टर इस बात का संकेत दे रहे हैं कि जेडीयू के कुछ समर्थक चाहते हैं कि नीतिश कुमार अपने फैसले पर एक बार फिर विचार करें। आने वाले समय में यह मुद्दा बिहार की राजनीति में और भी चर्चा का विषय बन सकता है।