लखनऊ (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर को शनिवार को अचानक तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से कौशांबी के लिए उड़ान भरने वाला था, तभी उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।
उपमुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से बताया गया कि तकनीकी समस्या के कारण यह फैसला लिया गया ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है ताकि खराबी के सही कारण का पता लगाया जा सके। घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।